BREAKING
FAC News
Back

अंधेरी वेस्ट में अवैध गैस रिफिलिंग रैकेट का भंडाफोड़, दुकान सील

Shoaib Miyanoor | | views
अंधेरी वेस्ट में अवैध गैस रिफिलिंग रैकेट का भंडाफोड़, दुकान सील

CRIME BREAKING: अंधेरी वेस्ट में अवैध गैस रिफिलिंग रैकेट का भंडाफोड़, दुकान सील.........



मुंबई (अंधेरी): अंधेरी पश्चिम के डी.एन. नगर क्षेत्र स्थित न्यू लिंक रोड पर पुलिस ने एक बड़े और खतरनाक अवैध गैस रिफिलिंग रैकेट का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। शीतला देवी को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी में स्थित अरिहंत ट्रेडर्स (दुकान क्रमांक-4) पर छापेमारी कर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा दुकान को सील कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी वाडिलाल ओथी गड़ा (57 वर्ष) और समशुद्दीन जमाल खान (23 वर्ष) बिना किसी वैध लाइसेंस एवं अनुमति के घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में गैस भरने का अवैध कारोबार चला रहे थे। आरोपियों द्वारा 14.6 किलो के घरेलू एलपीजी सिलेंडरों से रेगुलेटर एवं प्लास्टिक पाइप की सहायता से 4 किलो के खाली सिलेंडरों में गैस ट्रांसफर की जा रही थी।

सैकड़ों लोगों की जान खतरे में

यह अवैध गतिविधि घनी आबादी वाले आवासीय क्षेत्र में संचालित की जा रही थी, जहां किसी भी समय गैस रिसाव या विस्फोट की बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो बड़ा हादसा होने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता था।

पुलिस ने किया मामला दर्ज

डी.एन. नगर पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर गैस सिलेंडर, उपकरण एवं अन्य सामग्री जब्त कर पंचनामा किया। घटनास्थल के फोटो एवं वीडियो साक्ष्य भी एकत्र किए गए हैं।

आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 287, 288, 125, 3(5) तथा अत्यावश्यक वस्तु अधिनियम (Essential Commodities Act) की धारा 3 एवं 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

सोसायटी की भूमिका पर भी सवाल

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जिस परिसर में यह अवैध कारोबार चल रहा था, वहां लंबे समय से गैस सिलेंडरों की आवाजाही हो रही थी। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि क्या सोसायटी प्रबंधन को इस गतिविधि की जानकारी थी। यदि जानकारी होने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई, तो सैकड़ों निवासियों की सुरक्षा को गंभीर खतरे में डालने के लिए जिम्मेदारी तय किए जाने की मांग भी उठने लगी है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले ऐसे अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

How did you feel about this news?

Related News

Comments

Loading comments...

Related News