मुंबई: मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड के निर्माण में बाधा डाल रही 150 अवैध इमारतों को ध्वस्त कर दिया है। यह लिंक रोड मुंबई के पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों को जोड़ती है। अतिक्रमण हटाने के अभियान के तहत, अमर नगर, खिंडीपाड़ा में स्थित 150 अवैध आवासीय और व्यावसायिक इमारतों को हटा दिया गया है और शेष 234 अवैध इमारतों को अगले सप्ताह हटा दिया जाएगा। बीएमसी ने रविवार को एक बयान में यह जानकारी दी।
12.20 किलोमीटर लंबी गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है और इसे चार चरणों में पूरा किया जाएगा। इस परियोजना में सड़क, भूमिगत सुरंग और फ्लाईओवर शामिल हैं।
बीएमसी के 'टी' वार्ड (मुलुंड) की सीमा में स्थित अमर नगर, खिंडीपाड़ा में लगभग 384 निर्माण लिंक रोड के निर्माण में बाधा डाल रहे थे। इनमें से लगभग 150 व्यावसायिक और आवासीय इमारतों को रविवार को ध्वस्त कर दिया गया। यह कार्रवाई बीएमसी के 10 इंजीनियरों और 100 कर्मचारियों की मौजूदगी में, चार जेसीबी, 10 डंपरों के साथ और मुलुंड पुलिस स्टेशन के 50 कर्मियों की पूरी सुरक्षा के तहत की गई।

Loading comments...