मुंबई के बोरीवली पश्चिम स्थित मंडपेश्वर रोड पर न्यू श्रीजी टॉवर में संचालित आहार होटल में फर्जी खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) अधिकारी बनकर होटल संचालक से कथित रूप से अवैध वसूली का प्रयास करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में बोरीवली पुलिस ने एक पुरुष और एक महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, 27 जून की रात दोनों आरोपी होटल पहुंचे और खुद को FDA अधिकारी बताते हुए होटल की जांच शुरू कर दी। उन्होंने होटल के दस्तावेज, लाइसेंस और अन्य रिकॉर्ड की जांच की तथा कार्रवाई का डर दिखाकर दबाव बनाने का प्रयास किया। दोनों ने कथित तौर पर सरकारी पहचान पत्र और "भारत सरकार" अंकित प्रतीक का इस्तेमाल कर खुद को अधिकारी साबित करने की कोशिश की।
होटल संचालक को जब उनके व्यवहार पर संदेह हुआ तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ के दौरान दोनों के दस्तावेज और पहचान संदिग्ध पाए गए। जांच में सामने आया कि दोनों असली FDA अधिकारी नहीं थे।
पुलिस ने इस मामले में विजय बाबन जाधव (42) और स्वाती विक्रांत तुळसकर (30) के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोप है कि दोनों ने फर्जी सरकारी पहचान और प्रतीकों का इस्तेमाल कर होटल संचालक को डराकर पैसे ऐंठने का प्रयास किया। फिलहाल बोरीवली पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आरोपियों को नोटिस जारी किए गए हैं।

Loading comments...