कैप्टन विजय के सकुशल स्वदेश लौटने पर परिवार एवम क्षेत्र में हर्ष की लहर
जलालाबाद (शामली) प्राप्त जानकारी के अनुसार थानाभवन विधानसभा क्षेत्र के गांव भैंसवाल निवासी कैप्टन विजय के सकुशल स्वदेश लौटने पर क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। उल्लेखनीय है कि 8 दिसम्बर 2025 को कैप्टन विजय 18 सदस्यीय चालक दल के साथ “वेलीयेंट रोअर” नामक तेल टैंकर पर सवार थे, जिस पर नीदरलैंड का झंडा लगा हुआ था। यह जहाज संयुक्त अरब अमीरात के दिब्बा बंदरगाह के निकट पहुंचा ही था कि ईरानी नौसेना ने उसे बंधक बना लिया था।
इस घटना के बाद पूरे देश में चिंता का माहौल बन गया था। कैप्टन विजय और उनके साथियों की सुरक्षित रिहाई के लिए भारत सरकार ने कूटनीतिक स्तर पर लगातार प्रयास किए। केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के विशेष प्रयास और विदेश मंत्रालय की सक्रियता के चलते आखिरकार यह मिशन सफल रहा और सभी चालक दल के सदस्य सकुशल भारत लौट आए।
इस पूरे घटनाक्रम में थानाभवन के विधायक अशरफ अली खान की महत्वपूर्ण भूमिका भी बताई जा रही है । उन्होंने लगातार मामले की निगरानी करते हुए संबंधित अधिकारियों से संपर्क बनाए रखा और परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की।
शुक्रवार को विधायक अशरफ अली खान गांव भैंसवाल पहुंचे, जहां उन्होंने कैप्टन विजय से मुलाकात की और उनकी सुरक्षित वापसी पर हर्ष व्यक्त किया। इस अवसर पर गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा। ग्रामीणों ने कैप्टन विजय का जोरदार स्वागत किया और उनके साहस की सराहना की।
कैप्टन विजय ने अपनी आपबीती साझा करते हुए बताया कि बंधक बनाए जाने के दौरान परिस्थितियां बेहद चुनौतीपूर्ण थीं, लेकिन सभी चालक दल के सदस्यों ने धैर्य बनाए रखा। उन्होंने भारत सरकार और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया, जिनके प्रयासों से उनकी सुरक्षित वापसी संभव हो सकी।
गांव भैंसवाल में कैप्टन विजय की वापसी को लेकर लोगों में गर्व और खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसे सरकार और जनप्रतिनिधियों के समन्वित प्रयासों की बड़ी सफलता बताया है। विधायक अशरफ खां के गृह नगर जलालाबाद कस्बा वासियों ने उनके इन प्रयासो की सफलता पर खुशी ज़ाहिर करते हुए धन्यवाद आभार प्रकट किया l

Loading comments...