मुंबई: बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के शिक्षा विभाग की शिकायत पर मालवणी पुलिस ने बिना सरकारी मान्यता संचालित किए जा रहे 14 निजी प्राथमिक स्कूलों के मुख्याध्यापकों एवं सचिवों के खिलाफ FIR क्रमांक 1064/2026 दर्ज की है। यह मामला 18 जून 2026 को दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बच्चों का मुफ्त एवं अनिवार्य शिक्षा का अधिकार (RTE) अधिनियम, 2009 की धारा 18, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 एवं धारा 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।
शिक्षा विभाग के अनुसार वर्ष 2025-26 के सर्वेक्षण में मुंबई में 164 अनधिकृत प्राथमिक विद्यालयों की पहचान की गई थी। इनमें से मालवणी क्षेत्र के 14 स्कूलों को कई बार नोटिस जारी कर आवश्यक दस्तावेज और मान्यता संबंधी प्रमाण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे। बावजूद इसके स्कूलों का संचालन जारी रहने पर विभाग ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
जिन 14 स्कूलों के खिलाफ FIR दर्ज की गई, उनके नाम इस प्रकार हैं:
लिटिल बड्स इंग्लिश स्कूल
फ्यूचर आइकॉन इंग्लिश स्कूल
लिटिल वंडर्स स्कूल
रोज मेरी इंग्लिश स्कूल
ग्लोबल इंग्लिश स्कूल
टर्निंग पॉइंट इंग्लिश हाईस्कूल
कॉसमॉस इंग्लिश स्कूल
सागर हाईस्कूल
आर. एम. एम. इंग्लिश स्कूल
एम. एम. इंग्लिश स्कूल
क्रेस्ट इंग्लिश स्कूल
इंडियन जेसी इंग्लिश स्कूल
डेली बेल्स इंग्लिश स्कूल
एचीवर्स लर्निंग कैंपस
शिकायत में कहा गया है कि इन विद्यालयों ने बिना वैध सरकारी मान्यता के छात्रों का प्रवेश जारी रखा, जिससे विद्यार्थियों के भविष्य पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। शिक्षा विभाग का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूल संचालकों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
फिलहाल मालवणी पुलिस मामले की जांच कर रही है और संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Loading comments...