सोशल मीडिया पर भड़काऊ वीडियो से माहौल बिगाड़ने की कोशिश 3 आरोपी गिरफ्तार
उ प्र बहराइच जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना रानीपुर क्षेत्र के कुट्टी बाजार में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और भड़काऊ वीडियो वायरल कर सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, जिनमें से तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी पयागपुर के नेतृत्व में थाना रानीपुर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धर्मेंद्र पुत्र खुशीराम (19 वर्ष), शिवम सिंह पुत्र संजीव कौशल (20 वर्ष) और कुलदीप जायसवाल पुत्र गोमती जायसवाल (करीब 25 वर्ष) निवासी कुट्टी बाजार, थाना रानीपुर जनपद बहराइच के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल कर रहे थे जिसमें कथित तौर पर आपत्तिजनक और भड़काऊ शब्दों का इस्तेमाल किया गया था। इस वीडियो के वायरल होने से क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव फैलने की आशंका पैदा हो गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने तीन आरोपियों को धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए पुलिस अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
इस मामले में सूरज पुत्र जुग्गी नामक एक अन्य आरोपी भी नामजद है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
सूत्रों के मुताबिक शुरुआत में इस मामले में एफआईआर दर्ज कराने को लेकर थोड़ी देरी हुई थी। आरोप है कि पहले थाना रानीपुर में मुकदमा दर्ज करने के बजाय थाना दरगाह शरीफ में रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही गई थी, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। बाद में मामला एसपी सिटी तक पहुंचने पर हस्तक्षेप हुआ और थाना रानीपुर में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सोशल मीडिया पर इस तरह के भड़काऊ वीडियो समाज में तनाव फैलाने का काम करते हैं और ऐसे मामलों में तुरंत सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि कानून व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बना रहे।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और वायरल वीडियो के स्रोत तथा इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

Loading comments...