गंगापुर बांध से बढ़ा पानी का डिस्चार्ज, गोदावरी नदी किनारे हाई अलर्ट
नासिक : गंगापुर बांध एवं उसके जलग्रहण क्षेत्र में पिछले एक दिन से लगातार हो रही बारिश के कारण बांध में पानी की आवक तेजी से बढ़ गई है। स्थिति को देखते हुए गंगापुर बांध से चरणबद्ध तरीके से पानी छोड़ा जा रहा है। प्रशासन ने संभावना जताई है कि आज शाम तक गोदावरी नदी में छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा और बढ़ सकती है। ऐसे में गोदावरी नदी के किनारे रहने वाले नागरिकों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से नदी किनारे नहीं जाने की अपील की गई है।
यह अपील मंडलायुक्त डॉ. प्रवीण गेडाम ने की। उन्होंने पुलिस आयुक्त डॉ. संदीप कर्णिक, जिलाधिकारी आयुष प्रसाद, उपमहापौर विलास शिंदे तथा नासिक महानगरपालिका के अतिरिक्त आयुक्त अमित रंजन के साथ होलकर पुल से रामकुंड एवं गोदावरी नदी क्षेत्र का निरीक्षण कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. गेडाम ने बताया कि गंगापुर बांध से पानी का डिस्चार्ज लगातार बढ़ाया जा रहा है। इसलिए नागरिक पूरी सतर्कता बरतें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। उन्होंने कहा कि जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, जिला प्रशासन, पुलिस, महानगरपालिका तथा जिला परिषद प्रशासन को आवश्यक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती भी की गई है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि लगातार हो रही बारिश और नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए कोई भी व्यक्ति गोदावरी नदी के किनारे भीड़ न लगाए तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन कर अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करे।
नासिक के गोदावरी नदी में बढ़ सकता है जलप्रवाह, नदी किनारे रहने वाले नागरिक रहें सतर्क : मंडलायुक्त डॉ. प्रवीण गेडाम ने की अपील
Ravindra Nerkar
|
|
— views
How did you feel about this news?

Loading comments...